
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम–शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भैंसातरा के प्रधान पाठक श्री रामनारायण मिश्रा के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य पद पर पदोन्नत होने पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत भैंसातरा द्वारा उनका सम्मान किया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती अंजनी ध्रुव एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भैंसातरा गांव में कार्यकाल के दौरान उन्हें ग्रामीणों से अपार स्नेह, सहयोग और अपनापन प्राप्त हुआ। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैंने इस गांव में लगभग 16 वर्षों तक सेवा दी है, इसलिए यह गांव मुझे मेरे अपने गांव जैसा ही लगता है। यहां के लोगों का प्रेम, सम्मान और आत्मीयता मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा।” उन्होंने समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक रूपलाल साहू, नेमूराम साहू, पुरुषोत्तम कुमार साहू, प्राथमिक विद्यालय के रामकुमार साहू, होरीलाल, दीदी श्रीमती गुलाची साहू, अनिल कुमार ध्रुव, इंद्र कुमार साहू, विनय कुमार साहू (व्याख्याता) सहित गांव के समस्त वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संपूर्ण वातावरण सम्मान, आत्मीयता एवं भावनात्मक जुड़ाव से परिपूर्ण रहा।



