जिला शिक्षा अधिकारी ने किया बिजली संकुल के विभिन्न स्कूलों का सघन दौरा


राजिम/गरियाबंद — गरियाबंद जिले के जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र बिजली के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिजली तथा प्राथमिक शाला मड़वाडीह का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और वार्षिक परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार कराने, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, बिजली में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी विषयों के शिक्षकों की समीक्षा बैठक भी ली गई। बैठक में पाठ्यक्रम की प्रगति, परीक्षा तैयारी, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं परिणाम सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला सांख्यिकीय अधिकारी श्याम चंद्राकर एवं संकुल प्राचार्य रामनारायण मिश्रा भी उपस्थित रहे। विद्यालय स्टाफ ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना सभी शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए समर्पण व नियमित प्रयास आवश्यक हैं।




