ग्राम आलेखुटा में चौपाल: “आपकी समृद्धि मोदी की गारंटी”, 125 दिनों के रोजगार का दावा


( छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ )अभनपुर (छत्तीसगढ़):– अभनपुर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत आलेखुटा में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष परदेसी राम साहू ने चौपाल लगाकर “विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका की नई गारंटी – जी राम जी श्रमिक कल्याण योजना 2025-26” के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि पहले 100 दिनों के रोजगार की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर 125 दिन करने का प्रावधान किया गया है। अधिनियम के तहत मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक या कार्य समाप्ति के 15 दिनों के भीतर करने तथा विलंब होने पर मुआवजा देने की बात कही गई।

चौपाल में बताया गया कि ग्राम स्तर पर लिए गए निर्णय योजनाओं का आधार होंगे और सभी कार्य ग्राम सभाओं द्वारा तैयार एवं अनुमोदित किए जाएंगे। डिजिटल सिस्टम, बायोमेट्रिक उपस्थिति और साप्ताहिक अपडेट के माध्यम से समय पर एवं पूर्ण भुगतान सुनिश्चित करने का दावा किया गया।
यह भी कहा गया कि हर योग्य लाभार्थी को 25% अधिक कार्य अवसर मिलेगा, जिससे प्रत्येक परिवार की आय और समृद्धि में वृद्धि होगी। मजदूरी भत्ते में कटौती नहीं, बल्कि बढ़ोतरी का आश्वासन दिया गया। राज्य सरकार द्वारा बुवाई और कटाई के मौसम में अधिकतम 60 दिनों तक कार्य स्थगित करने का प्रावधान भी बताया गया, ताकि खेती के लिए श्रमिक उपलब्ध रह सकें।
कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर भ्रामक प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा गया कि मनरेगा को बंद नहीं किया गया है, बल्कि “विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)” के रूप में सुदृढ़ किया गया है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती चंद्रकला ध्रुव, जनपद सदस्य श्रीमती राजेश्वरी ध्रुव, सरपंच श्रीमती भागेश्वरी सिन्हा, उपसरपंच श्री प्रितम सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि धीरज साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रमिकों का सम्मान भी किया गया।


