मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को सामूहिक विवाह
राजिम कुंभ कल्प मेला के नवीन मेला मैदान में 290 नवदंपत्ति बंधेंगे वैवाहिक सूत्र में


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़राजिम—– छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना” के अंतर्गत 10 फरवरी 2026, मंगलवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्यभर में एक साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न होंगे।
इसी क्रम में गरियाबंद जिले के राजिम स्थित नवीन मेला मैदान, राजिम कुंभ कल्प मेला परिसर में भी सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां 290 नवदंपत्ति वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।
इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनकराम ध्रुव, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी अशोक पाण्डेय ने बताया कि इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का विवाह सामाजिक गरिमा एवं सम्मान के साथ संपन्न कराना शासन का उद्देश्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।




