राजिम कुंभ के मुख्यमंच पर छठवें दिन घनश्याम साहू और हिरेंद्र ठाकुर रहेंगे मुख्य आकर्षण
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़राजिम— राजिम कुंभ कल्प मेला के छठवें दिन 6 फरवरी शुक्रवार को मुख्यमंच पर लोककला और लोकसंगीत की शानदार छटा देखने को मिलेगी। मुख्य महोत्सव मंच पर गाड़ाघाट अतरमरा के प्रसिद्ध लोक कलाकार घनश्याम साहू तथा बिलासपुर के हिरेंद्र ठाकुर अपनी सशक्त लोकमंच प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसी क्रम में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नवीन मेला मैदान स्थित स्थानीय मंच पर भी विविध लोककलाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। चंद्रखुरी की प्रभा यादव द्वारा पंडवानी, कुम्हीं की सरिता साहू द्वारा जगराता, फूलझर के रेखराज साहू की फाग मंडली, पारागांव की गीता साहू का लोकनृत्य, डूमरतराई की भारती साहू की जस झांकी, भोरिंग के नारायण साहू का सुवा नृत्य, मैनपुर के उत्तम यादव का राउत नाचा, खरगाडीह (सिमगा) के गोपाल निषाद की लोककला, धमतरी के कल्याण सिंह नागवंशी के लोकगीत तथा मगरलोड के तामेश्वर ठाकुर द्वारा लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
वहीं पुराने महोत्सव स्थल के नदी मंच पर भी भक्ति और संगीत की सरिता बहेगी। अरंड के मिलाप दीवान द्वारा रामधुनी, लोहरसी के खेम यादव द्वारा रामायण पाठ, तर्री के मनोज सेन द्वारा सुगम गायन तथा महासमुंद की मंजू पटेल द्वारा सुगम भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
लोकसंस्कृति, भक्ति और पारंपरिक कलाओं से सजे इन कार्यक्रमों के माध्यम से राजिम कुंभ कल्प मेला श्रद्धालुओं और दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करा रहा है।




