राजिम कुंभ कल्प के मुख्य मंच पर आज सजेगा सुरों का महोत्सव, अनुराग शर्मा और राजेन्द्र साहू लोकमंच की प्रस्तुति

( छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़)राजिम। राजिम कुंभ कल्प के मुख्य मंच पर आज सजेगा सुरों का महोत्सव, अनुराग शर्मा और राजेन्द्र साहू लोकमंच की प्रस्तुति में सांस्कृतिक महोत्सव की धूम लगातार जारी है। 14 फरवरी शनिवार को मुख्य मंच पर विविध लोक और भक्ति कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।
मुख्य मंच पर दुर्ग के राजेन्द्र साहू लोकमंच छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति से सराबोर प्रस्तुति देंगे। वहीं भाठापारा के प्रांजल सिंह राजपूत भरथरी गायन के माध्यम से लोक परंपरा की अनूठी छटा बिखेरेंगे। शाम को अनुराग शर्मा अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
पूर्व महोत्सव स्थल नदी मंच पर अकलवारा के टिकेश्वर साहू मानस गायन, धवलपुर के दीपक मिश्रा रामायण पाठ, कोपरा के विजय मार्कण्डेय सतनाम भजन, ताम्रप्रकाश बांधे मंगल भजन तथा सोरम के सत्यनारायण मानस भजन प्रस्तुत करेंगे।
स्थानीय नया मेला स्थल का मंच भी विविध सांस्कृतिक रंगों से सजेगा। मुड़ागांव (छुरा) के नागेश्वर साहू मानसगान, बोरिद की यशोमती सेन पंडवानी, रायपुर की मीना ध्रुव जागराता, नवागांव बुड़ेनी की सुनीता साहू लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगी। राजिम के कुंदन सोनी सुगम गायन से समां बांधेंगे, जबकि जितेन्द्र सुकुमार कवि सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा कठौली के प्रशांत सोनवानी लोककला मंच, नवापारा के नेमीचंद साहू म्यूजिकल ग्रुप, मंदिरहसौद की माया वर्मा भजन संध्या तथा रायपुर की संयुक्ता बोस जागराता भजन से श्रद्धालुओं और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला ने मेले को भक्ति, लोकसंस्कृति और कला का जीवंत संगम बना दिया है।



