राजिम कुंभ मेले के नदी क्षेत्र में बनीं झांकियां धार्मिक शैक्षणिक आकर्षण का केंद्र


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम—-राजिम कुंभ कल्प मेले के अंतर्गत भगवान श्री कुलेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समीप नदी क्षेत्र में निर्मित भव्य झांकियां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन झांकियों के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं और धार्मिक व सांस्कृतिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं।
राम दरबार की झांकी में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान से जुड़े प्रसंगों को अत्यंत कलात्मक एवं सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है। इन दृश्यों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। वहीं चारधाम यात्रा पर आधारित झांकी भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रही है, जिसमें बद्रीनाथ, द्वारका, पुरी एवं रामेश्वरम् धाम को प्रतीकात्मक एवं सुंदर रूप में दर्शाया गया है।

चारधाम झांकी उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो किसी कारणवश वास्तविक चारधाम यात्रा नहीं कर पाते। राजिम के पावन त्रिवेणी संगम में ही उन्हें चारधाम यात्रा का सजीव अनुभव प्राप्त हो रहा है।

इसके अलावा मेले में कई अन्य झांकियां भी लगाई गई हैं, जो विशेष रूप से बच्चों और परिवारों को आकर्षित कर रही हैं। इनमें बालाजी दर्शन, शिवलोक, विष्णुलोक, मृत्युलोक, जैसी करनी वैसी भरनी, यमुनोत्री, शिव द्वारा सती को उठाकर ले जाना, जटाशंकरी, समुद्र मंथन, शिव की बारात सहित अनेक धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को दर्शाया गया है।




