शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री से की सौजन्य मुलाकात, लंबित मांगों से कराया अवगत

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) नवापारा राजिम —- छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से सौजन्य मुलाकात कर शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता रामनारायण मिश्रा ने बताया कि यह मुलाकात संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री ओमकार सिंह ठाकुर एवं कर्मचारी अध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी के नेतृत्व में की गई। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
मुलाकात के दौरान प्रमुख रूप से सहायक शिक्षकों के लंबित तृतीय समयमान वेतन, राज्य शिक्षा आयोग के पुनर्गठन, पदोन्नति नियम 2025 के शीघ्र प्रकाशन, प्रभारवाद को समाप्त करने, विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति, हाई स्कूलों में संस्कृत व्याख्याता के पदों को पुनः सृजित करने, भृत्य, लिपिक एवं स्वीपर के पदों को पुनर्जीवित करने तथा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति जैसी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, प्रांतीय महामंत्री मनोज राय, गरियाबंद जिला संगठन मंत्री रूपेंद्र साहू, गोपाल यादव एवं सदस्य डी. बसंत साव उपस्थित रहे।



