फूलझर में पृथ्वीम फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सामाजिक उत्थान के कार्यों में अहम भूमिका निभा रहा है पृथ्वीम फाउंडेशन : योगिता सिन्हा

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़)–छुरा विकासखंड ग्राम फूलझर में पृथ्वीम फाउंडेशन द्वारा अध्यक्ष योगिता सिन्हा के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में नेत्र जांच, दंत परीक्षण, महिला रोग संबंधी परामर्श एवं होम्योपैथी चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विशाल मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में 100 से अधिक ग्रामवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार भी प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि पृथ्वीम फाउंडेशन विगत एक वर्ष से गरियाबंद एवं रायपुर जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम संचालित कर रहा है। होली के अवसर पर स्लम बस्तियों में रंग-गुलाल एवं पिचकारी वितरण तथा दीपावली में जरूरतमंदों को पटाखे वितरण जैसे रचनात्मक कार्य भी संस्था द्वारा किए जाते रहे हैं।
सामाजिक चेतना और महिला उत्थान के क्षेत्र में भी फाउंडेशन ने कई प्रशंसनीय पहल की है, जिससे क्षेत्र के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में फूलझर, धूरसा, मुरमुरा एवं झरझरा के सरपंच, पंच एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। शिविर का आयोजन रोटरी क्लब के चिकित्सकों के सहयोग से किया गया। आयोजन में रुचि सेठ, सविता गोस्वामी, सोनल महाडिक एवं अनुराधा सारडा की विशेष सहभागिता रही।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।




