पत्रकार महा कल्याण संघ का होली मिलन समारोह सम्पन्न, वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज नवापारा राजिम— बालोद पत्रकार महा कल्याण संघ के तत्वावधान में 10 मार्च 2025 को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालोद जिले के वरिष्ठ पत्रकारों का श्रीफल एवं स्मृति शील्ड देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पत्रकार साथियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान संगीत की मधुर धुनों पर सभी पत्रकार साथी कृष्ण भजनों में झूम उठे और उत्साहपूर्वक होली मिलन का आनंद लिया। समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता की गरिमा और जिम्मेदारी पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सपना माधवानी ने अपने उद्बोधन में पत्रकार एकता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उन्हें हमेशा सच्चाई व निष्पक्षता के साथ कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में आकाश शर्मा (गुंडरदेही), समाज सेविका सावित्री यादव (बघमरा), रतना निषाद तथा राजू मिश्रा का विशिष्ट सम्मान भी किया गया।

समारोह के अंत में सभी पत्रकारों ने राष्ट्रहित और समाज हित में निष्ठा, ईमानदारी और सच्चाई के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, भाईचारे और पत्रकार एकता के संदेश से परिपूर्ण रहा।




