विद्यार्थियों ने मिसाइल मैन के जीवन से प्रेरणा लेकर देश के विकास में योगदान देने का लिया संकल्प

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़– गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित करने एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

बीजापुर के माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला प्रांगण मे मनाये गए जयंती के इस अवसर पर विद्यार्थियों विनोद तेलम, संदीप कुड़ियम, अनुज उईका, विकास कुड़ियम, प्रियंका साहू, आमना खातून, हुसैन खान, लव्यांश एंड्रिक, अश्वनी फूलमाद्री, रिजवान बेग, आशीष कोरसा एवं प्रदीप वाचम सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने डॉ. कलाम के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
संस्था के शिक्षक कैलाश रामटेके ने विद्यार्थियों को बताया कि 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में जन्मे डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश-दुनिया में पहचान बनाई। उन्होंने इसरो एवं डीआरडीओ में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अग्नि, पृथ्वी, आकाश, नाग और त्रिशूल जैसी मिसाइलों के विकास में उनकी भूमिका के कारण उन्हें मिसाइल मैन कहा जाता है। वर्ष 2002 से 2007 तक उन्होंने भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की।

डॉ. कलाम युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते थे। उनका सपना भारत को विकसित राष्ट्र बनाना था।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिका रजनी लता सिंह एवं शिक्षक सुरेश कुमार नरेटी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन छात्र नायक राजू गटपल्ली ने किया।



