छत्तीसगढ़

दुर्गा पंडालों में एनसीसी कैडेटों ने श्रद्धालुओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, युवाओं ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश

सेजेस राजिम के एनसीसी कैडेटों ने चलाया नशा मुक्त नवरात्र अभियान

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम– पंडित रामविशाल पाण्डेय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सेजेस राजिम के एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं ने नवरात्र पर्व के अवसर पर नशा मुक्त नवरात्र अभियान चलाकर सामाजिक जागरूकता की मिसाल पेश की। विद्यालय के व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने राजिम नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गा पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।

अभियान के अंतर्गत कोमा, किरवई, श्यामनगर, बासीन, बकली, बेलटुकरी एवं भैंसतरा सहित विभिन्न गांवों में कैडेटों ने नारों, प्रेरक तख्तियों और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को शराब, तंबाकू एवं गुटखा जैसे हानिकारक व्यसनों से दूर रहने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक पर्वों को पवित्रता, सात्विकता और नशामुक्त वातावरण में मनाने की अपील की।

इस अभियान में सौम्या शर्मा, ईशांत कुमार साहू, दीपेश निर्मलकर, विपुल शर्मा, सुजाता साहू, लावन्या साहू, चेतना यादव, पुष्पांजलि साहू एवं पुष्पेंद्र कुमार साहू सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

विद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्र में नशा मुक्त नवरात्र अभियान तथा गणेश उत्सव के दौरान नशा मुक्त विनायक विसर्जन अभियान चलाया जाता है।

 

विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने कैडेटों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष सुजाता शर्मा, समिति के सदस्यों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के इस सामाजिक जागरूकता अभियान को प्रेरणादायी बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!