छत्तीसगढ़

कैडेट्स को अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित — ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-140 का ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला ने किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजीम लखोली, आरंग (नवा रायपुर)। 1 छत्तीसगढ़ गर्ल्स एनसीसी बटालियन द्वारा लखोली, आरंग, नवा रायपुर में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-140 का ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला, सेना मेडल, ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रायपुर ने निरीक्षण किया। शिविर स्थल पर पहुंचने पर विभिन्न एनसीसी इकाइयों के कैडेट्स की मिश्रित गार्ड ने उन्हें गरिमामय गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सिस्तला ने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर कमांडेंट ने उन्हें शिविर के संचालन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर सिस्तला ने व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, एकता, धर्मनिरपेक्षता और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व केवल आदेश देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि अपने आचरण, जिम्मेदारी और निर्णयों से दूसरों के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना होता है। उन्होंने कैडेट्स को कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, टीम भावना से कार्य करने और साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।

ब्रिगेडियर सिस्तला ने एनसीसी के आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

यह दौरा कैडेट्स के लिए प्रेरणादायी रहा। शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के संस्कार विकसित कर उन्हें देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!