शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर संयुक्त शिक्षक संघ ने बीईओ से की मुलाकात

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ अभनपुर– छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, विकासखंड अभनपुर के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में विभिन्न प्रकार की सुविधाओं के इंद्राज सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के रायपुर संभाग अध्यक्ष गोपेश कुमार साहू, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार साहू, जिला कोषाध्यक्ष श्रवण देवांगन, दीपेंद्र कुमार सिन्हा, योगेश कुमार निर्मलकर, युगल किशोर साहू, भूपेंद्र कुमार सिन्हा, दीपक कुमार ठाकुर एवं धरमराज साहू शामिल रहे।
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए बीईओ ने जताई प्रतिबद्धता
चर्चा के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने शिक्षकों की समस्याओं के उचित निराकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं शिक्षक संवर्ग से जुड़े रहे हैं, इसलिए शिक्षकों की समस्याओं को नजदीक से समझते हैं। उनकी कोशिश रहती है कि शिक्षकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी समस्याओं का नियमानुसार उचित समाधान किया जा सके।
सेवा पुस्तिका में दर्ज होंगी विभिन्न सुविधाएं
बैठक में सेवा पुस्तिका से संबंधित महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करते हुए बीईओ ने बताया कि शिक्षकों को नियमानुसार मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का इंद्राज उनकी सेवा पुस्तिका में किया जाएगा। इसमें वर्ष 2024 के ग्रीष्मकालीन अवकाश से संबंधित प्रकरणों के साथ-साथ जनगणना कार्य से जुड़े मामलों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि संबंधित सुविधा का लाभ लेने के लिए वे अपने ड्यूटी आदेश की छायाप्रति तथा शासन के संबंधित आदेश की छायाप्रति संलग्न करते हुए नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्यवाही करते हुए सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि की जा सके।
शिक्षकों में जगी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद
संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ को उम्मीद है कि इस पहल से शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण में तेजी आएगी और उन्हें नियमानुसार मिलने वाली सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, अभनपुर ने शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।




