राजिम कुंभ कल्प मेला: साहू समाज के भोग भंडारा में उमड़ा श्रद्धा और सेवा का सैलाब, विधायक रोहित साहू ने परोसी प्रसादी


राजिम। राजिम कुंभ कल्प मेला के पांचवें दिन राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। साहू समाज द्वारा आयोजित इस भोग भंडारा में हजारों श्रद्धालुओं ने भरपेट भोजन प्रसादी ग्रहण की और पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे और स्वयं श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। विधायक रोहित साहू ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया। उनके साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुवनेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, राजिम भक्तिन मंदिर समिति के अध्यक्ष लाला साहू, अनुभागीय अधिकारी विशाल महाराणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी सेवा कार्य में सहभागी बने।

भोग भंडारा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष भुवनेश्वर साहू, नायब तहसीलदार तरेंद्र ठाकुर, नगर साहू संघ राजिम के अध्यक्ष रामकुमार साहू, तहसील साहू संघ अभनपुर के अध्यक्ष तुलेश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों द्वारा राजिम भक्तिन माता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

भोग भंडारा में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन भजिया-कढ़ी का विशेष आनंद लिया। यह आयोजन नगर साहू संघ राजिम के अध्यक्ष रामकुमार साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा विधायक रोहित साहू की अनुशंसा पर भोग भंडारा के लिए सुविधायुक्त पंडाल उपलब्ध कराया गया।
विधायक रोहित साहू ने राजिम भक्तिन माता समिति द्वारा किए जा रहे इस पुनीत मानव सेवा कार्य की सराहना करते हुए समिति के अध्यक्ष लाला साहू एवं समस्त पदाधिकारियों को बधाई दी और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। भोग भंडारा में साहू समाज के पदाधिकारियों के साथ फूलचंद स्मृति महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राएं तथा सर्व समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी सेवा भाव से सहभागिता की।




