स्मार्ट मीटर बदलो, पुराना मीटर लगाओ अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन
प्रथम चरण में 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने भरे आवेदन

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ —– स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर द्वारा अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में चलाए जा रहे “स्मार्ट मीटर बदलो, पुराना मीटर लगाओ” घर-घर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया गया है। अभियान के प्रथम चरण में फिंगेश्वर ब्लॉक क्षेत्र के 10 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर बदलकर पुराना मीटर लगाने की मांग को लेकर आवेदन फॉर्म भरे।
अभियान के तहत मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संपर्क किया। इस दौरान स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल से संबंधित शिकायतों और आपत्तियों को आवेदन के माध्यम से दर्ज किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में एकत्रित आवेदन अभियान से जुड़े पदाधिकारियों को सौंपे गए। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इन आवेदनों में दर्ज शिकायतों को संकलित कर शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा।
अभियान को लेकर गरियाबंद जिला प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, फिंगेश्वर ब्लॉक प्रभारी रमेश शर्मा तथा सह-प्रभारी पन्नालाल ध्रुव के मार्गदर्शन में आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
रूपेश साहू ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा और आगामी चरण में इसे और व्यापक बनाया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




