प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर सिमगा स्कूल में जला ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामीणों ने 75 दीप प्रज्वलित कर दीर्घायु की कामना की

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़— शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामवासियों ने 75 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के प्रति योगदान एवं उनके द्वारा किए गए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल को प्रधानमंत्री के जन्मदिन तथा उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर से जोड़कर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता सहित विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशसेवा, सामाजिक सरोकार एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर व्याख्याता एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मेलन कंवर, दिव्या कुजूर, रुक्मणि पुरैना, रमाकांत कुसरो, उमाकांत टोंडें, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, अनुराधा राठौर, खीकराम यादव, रूपसाय, कमलेश्वर सहित छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




