बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान से सम्मानित हुए पूरन लाल साहू
शिक्षा में नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम—-शिक्षा सागर फाउंडेशन द्वारा चंपारण में आयोजित बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में पदस्थ व्याख्याता पूरन लाल साहू को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, शिक्षा सागर फाउंडेशन के संस्थापक शैलेश प्रजापति तथा नेशनल मोटिवेटर एवं सह-संयोजिका गायत्री मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं श्रीफल अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पहार एवं बैज लगाकर किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
व्याख्याता पूरन लाल साहू को शिक्षा में नवाचार, साक्षरता अभियान, मद्यपान निषेध जागरूकता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण, गौरैया संरक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए कार्यों के आधार पर बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर किसी शिक्षक का सम्मानित होना न केवल उसकी उपलब्धि है, बल्कि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष बल दिया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पूरन लाल साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उनके विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना उनकी प्राथमिकता रही है।
श्री साहू को यह सम्मान प्राप्त होने पर जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, जिला परियोजना अधिकारी बुद्ध विलास सिंह, सांख्यिकीय अधिकारी श्याम चंद्राकर, एपीसी मनोज केला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र बहल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार साहू, अनिल ध्रुव, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुभाष शर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सहयोगियों एवं मित्रों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की




