न्योता भोज के बहाने भावुक हुआ हरिहर शाला परिवार, प्राचार्य फाखरा ख़ानम दानी के सम्मान में यादगार आयोजन


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़नवापारा—- पीएमश्री हरिहर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नवापारा में गुरुवार को प्राचार्य फाखरा ख़ानम दानी के 62वें जन्मदिन पर भावनात्मक और आत्मीय आयोजन हुआ। ‘न्योता भोज—आओ खुशियां बांटे’ के तहत विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया। लंबे समय बाद विद्यालय पहुंचीं प्राचार्य दानी को अपने बीच पाकर बच्चों और विद्यालय परिवार में उत्साह के साथ भावुकता भी नजर आई।
विद्यालय के प्रति प्राचार्य दानी का लगाव और समर्पण हमेशा विशेष रहा है। बच्चों के साथ उनका सहज जुड़ाव तथा विद्यालय के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रही है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर न्योता भोज किया और बच्चों को स्नेह व आशीर्वाद दिया।
यह आयोजन महज भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच वर्षों से बने आत्मीय रिश्तों की खूबसूरत झलक भी देखने को मिली। बच्चों के साथ समय बिताते हुए फाखरा ख़ानम दानी भी भावुक और प्रसन्न नजर आईं।
उल्लेखनीय है कि प्राचार्य फाखरा ख़ानम दानी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने जा रही हैं। ऐसे में उनके जन्मदिन पर विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम उनके योगदान, स्नेह और समर्पण को याद करने का खास अवसर बन गया। विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
न्योता भोज के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि रिश्तों, संस्कारों और भावनाओं से जुड़ा एक परिवार भी है। प्राचार्य दानी का समर्पण हरिहर शाला के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।




