यूथ एवं जूनियर रेडक्रॉस काउंसलरों की बैठक संपन्न, सेवा गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ –—- इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी राज्य मुख्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष तोमन साहू के निर्देश एवं जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष व कलेक्टर भगवान सिंह उइके के मार्गदर्शन में यूथ रेडक्रॉस अधिकारी एवं जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी काउंसलरों की एक दिवसीय बैठक एवं कार्यशाला सेजस हिंदी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में आयोजित हुई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रेडक्रॉस के मूल सिद्धांतों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए मानव सेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत जांगड़े ने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों की जानकारी दी तथा रक्तदान एवं अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि रोमन साहू ने एजेंडावार चर्चा करते हुए सभी महाविद्यालयों, हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में रेडक्रॉस यूनिट का गठन एवं पंजीयन कराने पर जोर दिया। उन्होंने वॉलिंटियरों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म, प्रशिक्षण तथा फर्स्ट एड के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार करने की जानकारी दी।
बैठक में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य जनसेवा गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। महाविद्यालयों में वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। यूथ एवं जूनियर रेडक्रॉस के लिए पृथक वार्षिक कार्ययोजना भी प्रसारित की गई।
कार्यक्रम में आईटीएस कॉलेज के प्राचार्य सत्येंद्र तिवारी सहित डॉ. देवादास बंजारे, डॉ. मनीषा भोई, गिरवर यादव, ओमप्रकाश वर्मा, लीना साहू, रामेश्वर सोनवानी, मोतीलाल नागेश, निशांत यदु, संकल्प भारती, राजेश्वरी ठाकुर सहित विभिन्न संस्थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पूरन लाल साहू ने दी।




