Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
छत्तीसगढ़

राजिम में एनसीसी कैडेटों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, सीआरपीएफ जवानों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम—– देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजिम में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायपुर के कमान अधिकारी कर्नल एस. वेलमुरगन एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल सुभाष महतो के मार्गदर्शन में शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के एनसीसी छात्र सैनिकों ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के नेतृत्व में 80 से अधिक एनसीसी कैडेट एवं करीब 40 विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से रैली में शामिल हुए। रैली में 211वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन सहित 50 से अधिक सीआरपीएफ जवानों की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति आकाश राजपूत तथा पार्षद सुरेश पटेल, बलराम यादव, जुगु ठाकुर, तुषार कदम, कुलेश्वर साहू एवं यशवंत निराला सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी तिरंगा रैली में शामिल हुए।

तिरंगा रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुंदरलाल शर्मा चौक पहुंची। यहां छत्तीसगढ़ के गांधी पंडित सुंदरलाल शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद भारत माता की जय के गगनभेदी जयघोष के साथ रैली पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक रैली का स्वागत किया और विद्यार्थियों एवं जवानों का हौसला बढ़ाया।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 211वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राजिम की जनता और विद्यार्थियों ने जिस उत्साह के साथ जवानों का स्वागत किया, वह गौरव की बात है।

नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राजिम की धरती पर 211वीं बटालियन के जवानों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होना गौरव का अवसर है। देश की सुरक्षा के लिए जवान अपना सर्वस्व समर्पित करते हैं। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यह यात्रा युवाओं और विद्यार्थियों में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार करेगी।

विद्यार्थियों को देशसेवा और अनुशासन का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट ने विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेटों से संवाद किया तथा उन्हें देशसेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा द्वारा लिखित काव्य संग्रह ‘ओ मेरी पाठशाला’ अतिथियों को भेंट किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका के पदाधिकारी, पार्षदगण, सीआरपीएफ के अधिकारी-जवान, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने किया।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने सभी अतिथियों, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। भव्य तिरंगा रैली के आयोजन से पूरा राजिम नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं देशसेवा की भावना का संदेश पहुंचा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!