छत्तीसगढ़

जतमई माता मंदिर में 10 अक्टूबर को गूंजेगा स्वच्छता और हरियाली का संदेश

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्लास्टिक मुक्त जतमई का संकल्प, विधायक रोहित साहू होंगे मुख्य अतिथि

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ )  गरियाबंद, जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 10 अक्टूबर को प्रसिद्ध जतमई माता मंदिर परिसर में वृक्षारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। गरियाबंद वनमंडल के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ 10 अक्टूबर को सुबह 8 बजे जतमई माता मंदिर प्रांगण में होगा। अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर से कचरे एवं प्लास्टिक को हटाया जाएगा। अभियान में शामिल लोगों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया जाएगा। जतमई क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता एवं धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए इसे स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में जनसहभागिता को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।

कार्यक्रम में राजिम विधायक श्री रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न वर्गों के लोग अभियान में सहभागी बनेंगे।

आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि प्रकृति और स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। वृक्षारोपण जहां आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की नींव रखता है, वहीं स्वच्छता अभियान धार्मिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प मजबूत करता है।

गरियाबंद वनमंडल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर को जतमई माता मंदिर प्रांगण में पहुंचकर वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और ‘प्लास्टिक मुक्त जतमई’ के संकल्प को जनअभियान का स्वरूप देने में अपना योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!