धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह
कलश यात्रा, दही-हांडी और यादव शौर्य नृत्य ने बांधा समां, प्रतिभावान समाजजनों का हुआ सम्मान

(ओम प्रकाश साहू )
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ पोखरा—-ठेठवार यादव समाज रावड़पार द्वारा जिला स्तरीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन 6 सितंबर 2026, रविवार को ग्राम पोखरा में धूमधाम एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश कुमार यादव रहे। अध्यक्षता ठेठवार यादव समाज के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद देवेंद्र यादव, जनपद पंचायत फिंगेश्वर सभापति नंदूराम यादव, ग्राम पंचायत पोखरा के सरपंच डॉ. सियाराम साहू, प्रांतीय उपाध्यक्ष महासभा राजिम शंकर लाल यादव, संगठन मंत्री प्रांतीय महासभा दशरथ लाल यादव, जिला गरियाबंद संरक्षक जोहत राम यादव, राजिम राज अध्यक्ष रामकुमार यादव, फिंगेश्वर राज अध्यक्ष पीलू राम यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक प्रेम लाल यादव, कवयित्री श्रीमती कैवरा यादव, पूर्व प्रांत अध्यक्ष कोमल राम यादव एवं वरिष्ठ सदस्य प्रहलाद यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद पीले वस्त्र धारण किए माताओं एवं बहनों ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा पूरे ग्राम का भ्रमण करते हुए शीतला मंदिर तालाब पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद जल लेकर श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
ग्राम के विभिन्न चौक-चौराहों पर दही-हांडी बांधी गई थी। भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किए बच्चों ने दही-हांडी फोड़कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं ग्राम सेमरा के यादव समाज द्वारा प्रस्तुत यादव शौर्य नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म पालकी के आगे प्रस्तुत किए गए शौर्य नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य मंच पर प्रज्ञा मानस परिवार सोरिद के उद्गाता बंधुओं ने कृष्ण चरित्र एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा के वापस लौटने के बाद भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की गई। इसके पश्चात मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान एवं उद्बोधन हुआ।
अग्निवीरों सहित प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान यादव समाज के उन बेटे-बेटियों का सम्मान किया गया, जिनका चयन अग्निवीर के रूप में हुआ है। इसके अलावा दृष्टिबाधित बालिका एवं पैरा ओलंपिक खिलाड़ी प्रीति यादव, उनके कोच तोरण लाल यादव तथा योगेश कुमार यादव, जिनका चयन सहायक विकास विस्तार अधिकारी के पद पर हुआ है, का भी मुख्य मंच से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न राजपारों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान किया गया। साथ ही ग्राम पोखरा के सभी समाज प्रमुखों को मंच पर आमंत्रित कर आत्मीय स्वागत किया गया।
सामाजिक भवन के लिए 8 लाख रुपये की घोषणा
समारोह के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश कुमार यादव ने यादव समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उनकी घोषणा का उपस्थित समाजजनों ने स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण भक्ति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।




