छत्तीसगढ़

कर्नल एस. वेलमुरुगन ने एनसीसी कैडेट्स को शिक्षा, अनुशासन और गुरुजनों के सम्मान का दिया संदेश

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम– शासकीय राजीवलोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम में 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. वेलमुरुगन का आगमन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन दुष्यंत कुमार ध्रुवा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। महाविद्यालय पहुंचने पर सीनियर अंडर ऑफिसर लोमश निषाद के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

शिक्षा और अनुशासन को बताया सफलता का आधार

महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. वेलमुरुगन ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के साथ-साथ अपनी पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षा जीवन में सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कैडेट्स को अपने माता-पिता, अभिभावकों एवं गुरुजनों का सम्मान करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और कठिन परिश्रम से ही जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है।

कर्नल वेलमुरुगन ने कैडेट्स से एनसीसी का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करने तथा एनसीसी के माध्यम से प्राप्त अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कैडेट्स को अपने व्यक्तित्व विकास के साथ शैक्षणिक उपलब्धियों पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या सहयोग के लिए कैडेट्स निःसंकोच उनसे संपर्क कर सकते हैं। वे उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

एनसीसी कैडेट्स की गतिविधियों की सराहना

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने कहा कि महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ एनसीसी शिविरों एवं विभिन्न कार्यक्रमों में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाते हैं। कैडेट्स का समर्पण एवं अनुशासित व्यवहार महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है।

वहीं, एनसीसी अधिकारी कैप्टन दुष्यंत कुमार ध्रुवा ने महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां के कैडेट्स देश एवं प्रदेश में विभिन्न सेवाओं में चयनित होकर अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित होने वाले नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों पर भी प्रकाश डाला।

एनसीसी कार्यालय एवं सुविधाओं का किया निरीक्षण

महाविद्यालय प्रवास के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. वेलमुरुगन ने एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों से संबंधित दस्तावेजों एवं रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के लिए उपलब्ध कक्षाओं, कार्यालय, क्वार्टर, गार्ड एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने एनसीसी की गतिविधियों के बेहतर संचालन और कैडेट्स को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स में उत्साह का माहौल रहा। कमांडिंग ऑफिसर के प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिली। यह आयोजन कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास एवं भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!