छत्तीसगढ़

शस्त्र पूजन, घोषवादन, ध्वजारोहण और प्रार्थना के साथ हुआ आयोजन, अंजू सिंह ने कहा—संस्कारवान एवं अनुशासित मातृशक्ति राष्ट्रसेवा के लिए बने समर्थ

राष्ट्रसेविका समिति ने मनाया विजयादशमी उत्सव, नारी शक्ति और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ )नवापारा राजिम– राष्ट्रसेविका समिति के राजिम विभाग द्वारा गत दिनों विजयादशमी उत्सव का आयोजन नवापारा नगर स्थित शासकीय हरिहर विद्यालय परिसर में किया गया। राष्ट्रसेविका समिति की सेविका बहनों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। उत्सव में राष्ट्रप्रेम, नारी शक्ति, संस्कार, अनुशासन और सेवा के संकल्प को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर की वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. उमा गुप्ता उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह प्रचार प्रमुख अंजू सिंह तथा नगर कार्यवाहिका योगिता सिन्हा ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का आयोजन ‘राष्ट्र ही हमारी प्रेरणा एवं सेवा ही हमारा संकल्प’ के ध्येय वाक्य के साथ किया गया।

विजयादशमी उत्सव के दौरान शस्त्र पूजन, घोषवादन, ध्वजारोहण, प्रार्थना, एकलगीत एवं शाखा का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से सेविका बहनों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, संगठनात्मक एकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।

विजयादशमी शक्ति, पराक्रम और संस्कारों के जागरण का पर्व : अंजू सिंह

मुख्य वक्ता प्रांत सह प्रचार प्रमुख अंजू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विजयादशमी केवल असत्य पर सत्य की विजय का पर्व नहीं है, बल्कि यह शक्ति, पराक्रम, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभाव के जागरण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण और समाज को सही दिशा देने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। अनुशासित, सुसंस्कृत और दृढ़ संकल्पित मातृशक्ति ही राष्ट्रसेवा के कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान कर सकती है।

उन्होंने सेविका बहनों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में राष्ट्रप्रेम, सेवा, अनुशासन और संस्कारों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

नारी शक्ति के जागरण और राष्ट्र निर्माण का संकल्प : डॉ. उमा गुप्ता

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. उमा गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र ही हमारी प्रेरणा है और सेवा ही हमारा संकल्प है। राष्ट्रसेविका समिति की स्थापना नारी शक्ति के जागरण और राष्ट्र निर्माण के पवित्र उद्देश्य से हुई है। समिति की सेविकाएं इसी विचार को आत्मसात करते हुए समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी जैसे पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने, आत्मबल को मजबूत करने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण करने की प्रेरणा देते हैं।

बड़ी संख्या में सेविका बहनों की रही सहभागिता

विजयादशमी उत्सव में प्रांत प्रमुख संध्या इशिकर, बौद्धिक प्रमुख सोनल महाडिक, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, प्रेमा ठाकुर, तनु साहू, सारिका महाडिक, पुनीता साहू, कल्याणी ठाकुर, गौरी, किरण ठाकुर, लीना भारती सिन्हा, चेतना रणसिंह, खूबी देवांगन, रेखा बंजारे, हर्षा कंसारी एवं किरण सोनी सहित बड़ी संख्या में सेविका बहनें उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!