शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति और नवोदय-प्रयास प्रवेश परीक्षा की तैयारी पर दिया जोर
बीईओ हेमंत साहू ने किया विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) फिंगेश्वर विकासखंड में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने और शासन की शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू ने विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला बिजली, नवाडीह बिजली तथा मड़वाडीह विद्यालयों का जायजा लेकर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की पढ़ाई, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू ने शिक्षकों को विद्यालयों में स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित अध्यापन, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का आकलन और शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
विद्यार्थियों के दस्तावेज शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश
बीईओ हेमंत साहू ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपार आईडी, आधार कार्ड, एमबीयू (आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट), जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में कोई भी छात्र-छात्रा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर लंबित प्रकरणों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से उनका निराकरण किया जाए।
नवोदय और प्रयास विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं पर विशेष जोर
विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय एवं प्रयास विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुसार नियमित अभ्यास कराने, प्रश्नों को हल करने की विधि समझाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और समय पर तैयारी से विद्यार्थी इन प्रवेश परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक रहे उपस्थित
विद्यालयों के निरीक्षण के अवसर पर संकुल समन्वयक भुवन यदु, व्याख्याता पूरन लाल साहू, प्रधान पाठक नंदकुमार यादव, विद्या बोरझा, वीरेंद्र साहू, शिक्षक टिकेन्द्र यदु, कृपाराम बघेल, वीरेंद्र यदु, टकेश ध्रुव एवं नेहा भेंसले सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना रहा।




