छत्तीसगढ़ सरकार का कर्मचारियों को तोहफा: बैंक ऑफ महाराष्ट्र से एमओयू, 1.25 करोड़ तक बीमा कवर

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़)नवापारा राजिम— छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने नियमित कर्मचारियों के लिए बैंकिंग सुविधाओं को और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ महाराष्ट्र के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत बैंक में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को ‘गवर्नमेंट प्राइड सैलरी सेविंग स्कीम’ के अंतर्गत उन्नत निःशुल्क सुविधाएं और बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।
समझौते के अनुसार कर्मचारियों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा में 1.25 करोड़ रुपये तक, हवाई दुर्घटना बीमा में 1 करोड़ रुपये तक, स्थायी पूर्ण विकलांगता कवर में 1.25 करोड़ रुपये तक तथा 10 लाख रुपये तक का टर्म इंश्योरेंस लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त ‘गोल्डन आवर’ के तहत 1 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार सुविधा, बालिका विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक तथा बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु 10 लाख रुपये तक का लाभ भी दिया जाएगा।
इसके साथ ही खाताधारकों को अन्य आकर्षक बैंकिंग सुविधाएं और स्वास्थ्य बीमा पर टॉप-अप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह एमओयू 10 फरवरी 2026 को वित्त विभाग के विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा और बैंक ऑफ महाराष्ट्र रायपुर अंचल के अंचल प्रबंधक वी. वेंकटेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
राज्य सरकार की यह पहल कर्मचारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और लाभप्रद बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




