पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, थार से टक्कर मारकर पति की हत्या

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़)
राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खसेरा में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान किशोर सारथी (27) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी पत्नी रोशनी ने अपने प्रेमी लिलेश उर्फ मुरू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार, रोशनी का पिछले एक वर्ष से गांव के ही लिलेश के साथ प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे, जिसके चलते पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
27 फरवरी की रात रोशनी ने बहन को लाने के बहाने किशोर को बाइक से बाहर भेजा। रास्ते में पहले से घात लगाए आरोपियों ने किराए की थार वाहन से उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
28 फरवरी की सुबह ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने जांच की। पूछताछ में पत्नी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने पत्नी समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




