ग्राम परसदा में पर्यावरण संरक्षण की गूंज, ग्रामीणों ने लिया वृक्षारोपण एवं जल बचाने का संकल्प

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़नवापारा राजिम– समीपस्थ ग्राम परसदा में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा गौरैया संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व व्याख्याता पूरन लाल साहू ने किया।
इस अवसर पर पूरन लाल साहू ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि आज पेड़-पौधों एवं जल स्रोतों की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने तथा जल की एक-एक बूंद बचाने का आग्रह किया।
उन्होंने गौरैया संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गौरैया हमारे प्राकृतिक पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन आधुनिक जीवन शैली एवं पर्यावरण असंतुलन के कारण इनकी संख्या लगातार घटती जा रही है। ऐसे में लोगों को अपने घरों एवं आसपास पक्षियों के लिए सुरक्षित वातावरण, दाना-पानी एवं आश्रय की व्यवस्था करनी चाहिए।
कार्यक्रम में सरपंच रमेश वर्मा ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण जैसे कार्य जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल की बचत करने तथा पक्षियों की सुरक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंच आशा राम साहू, रामजी खिलवारे, टीकू यादव, योगेश यादव, बैशाखू राम ध्रुव, मन्नू वर्मा, हरिश्चन्द्र साहू, नरेश साहू, लक्ष्मण साहू, सोनसाय तारक, श्याम यादव, भूषण गंगेले, विशाखा साहू, मीना साहू, मानबाई तारक, मोनिका यादव, सोनबती, जया महिलांग, फुलेश्वरी, तारामती, रानी बारले सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



