महतारी वंदन योजना से बदली जिंदगी: गंगा साहू बनी आत्मनिर्भर, छोटी दुकान से शुरू किया नया सफर

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ अभनपुर (रायपुर)। महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आशा की नई किरण साबित हो रही है। ग्राम जंवईबांधा की निवासी गंगा साहू (पति कमलेश साहू) की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है। एक समय आर्थिक तंगी से जूझ रही गंगा साहू के लिए परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन था।
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली हर माह 1000 रुपये की सहायता ने उनके जीवन में नया बदलाव लाया। इस राशि को बचाकर उन्होंने एक छोटी सी दुकान की शुरुआत की। शुरुआत भले ही छोटे कदमों से हुई, लेकिन पहले ही दिन की बिक्री ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी। खुशी के उन पलों ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
आज गंगा साहू न सिर्फ अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान भी बना चुकी हैं। इस योजना ने उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास दोनों प्रदान किया है।
गंगा साहू ने महिला एवं बाल विकास विभाग, राज्य सरकार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का दिल से आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से उनका यह सपना साकार हो पाया।




