विकास की रोशनी अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है– प्रदेश मंत्री नंदिनी नेताम
राजाडेरा पहुंचीं प्रदेश मंत्री नंदिनी नेताम, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जानीं समस्याएं

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—–विकासखंड मैनपुर के दूरस्थ वनांचल एवं कमार जनजाति बाहुल्य ग्राम पंचायत कुल्हाड़ीघाट के आश्रित ग्राम राजाडेरा में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री नंदिनी नेताम ने जनसंपर्क एवं ग्राम भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।
कभी नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे राजाडेरा में ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क, पुल-पुलिया सहित अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं उनके सामने रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नंदिनी नेताम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि विकास की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अंतिम छोर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद जरूरी है। उन्होंने समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति एवं अति पिछड़े क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि “विकास की रोशनी अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है।” ग्रामीणों ने भी समस्याओं के निराकरण के लिए पहल किए जाने की उम्मीद जताई।




