25 अगस्त टेट मुक्ति रैली को सफल बनाने संयुक्त शिक्षक संघ की प्रांतीय बैठक संपन्न
शिक्षकों से शत-प्रतिशत शामिल होने की अपील – केदार जैन
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ रायपुर— सेवारत शिक्षक संवर्ग की सेवा सुरक्षा सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा 25 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में “टेट मुक्ति रैली” निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से राज्य सरकार के नाम कलेक्टर के जरिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। रैली की तैयारियों को लेकर मोर्चा के प्रमुख घटक संगठन छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ की प्रांतीय वर्चुअल बैठक 23 अगस्त को प्रांताध्यक्ष केदार जैन की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में जिलावार तैयारियों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि रैली को लेकर शिक्षकों में उत्साह है और बड़ी संख्या में शिक्षक इसमें शामिल होने के लिए तैयार हैं। मोर्चा की प्रमुख मांगों में सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करना, पूर्व सेवा की गणना कर पुरानी पेंशन सहित सभी लाभ देना, केंद्रीय वेतनमान लागू कर वेतन विसंगति दूर करना, विभागीय बीएड ब्रिज कोर्स कराना तथा विसंगतिपूर्ण राजपत्र 2026 को निरस्त करना शामिल है।
उप प्रांताध्यक्ष गिरजा शंकर शुक्ला ने रैली से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। प्रांताध्यक्ष केदार जैन ने प्रदेश से विकासखंड स्तर तक सभी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए रैली को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने हक और अधिकार के लिए पीछे नहीं हटेंगे। मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैठक में ओमप्रकाश बघेल, ममता खालसा, माया सिंह, ताराचंद जायसवाल, सुभाष शर्मा, अमित दुबे, गोपेश साहू, मोहन लहरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल रहे।




