पीएम श्री हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ )गोबरा नवापारा– पीएम श्री हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय, गोबरा नवापारा में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर स्थित गोल गार्डन में दोनों महान विभूतियों के चित्र पर भावपूर्ण माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश राम नेताम, शिक्षक श्री अश्वनी कुमार साहू एवं श्री तोष राम ध्रुव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा शाला नायक द्रोण कुमार साहू (हिंदी माध्यम), उप शाला नायक पुष्पेन्द्र देवांगन (अंग्रेजी माध्यम), समस्त एनसीसी कैडेट्स, रेणुका देवांगन एवं राधे साहनी की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर शाला नायक द्रोण कुमार साहू ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश देकर देशवासियों को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की मिसाल कायम की।
उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सत्यनिष्ठा, स्वच्छता, मेहनत और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना ही इन महान व्यक्तित्वों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं संस्कारपरक रहा।




