राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जन जागरूकता शैक्षिक संगोष्ठी संपन्न

(Chhattisgarh Prayagraj news)फिंगेश्वर– प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा द्वारा वैज्ञानिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिवस के परिप्रेक्ष्य में मां बमलेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ के प्रांगण में राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जन जागरूकता शैक्षिक संगोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय संगोष्ठी का उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक सोच, तर्कशीलता, प्रश्न करने की प्रवृत्ति और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज मिश्रा, राष्ट्रीय संयोजक, बिहार रहे, जबकि अध्यक्षता भुवनेश्वर मरकाम, सचिव, टीम नेस्ट ने की। विशेष अतिथियों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा राजनांदगांव, डॉ. आशीष नायक धमतरी, डॉ. स्वाति गंधर्व, कुमार मंडावी, अभिषेक शुक्ला, लखन साहू, लक्ष्मी देवांगन एवं विद्यामती साहू सहित शिक्षाविद्, शिक्षक और विज्ञानप्रेमी उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ बिहार, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के प्रतिभागियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और नवाचारी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने टीएलएम एवं व्यवहारिक प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को सरल तरीके से समझाया।
मुख्य अतिथि मनोज मिश्रा ने कहा कि बच्चों में “क्यों” और “कैसे” जैसे प्रश्न पूछने की आदत विकसित करना समय की आवश्यकता है। आयोजक अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला ने कहा कि वैज्ञानिक सोच और नवाचार के माध्यम से जागरूक एवं प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम संचालन भारती तिवारी, मीनाक्षी हेमन, मनीष अहीर एवं समीक्षा गायकवाड़ की टीम ने किया। अंत में प्रतिभागियों एवं विज्ञान संचारकों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




