समाधान ऐप से अब किरायेदार और घरेलू कर्मचारियों का होगा सत्यापनअब थाने के चक्कर नहीं

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ रायपुर—- छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा नागरिकों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से किरायेदारों एवं घरेलू कर्मचारियों का सत्यापन करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से मकान मालिकों और नागरिकों को पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक तरीके से पूरी करने में मदद मिलेगी।
मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे सत्यापन
समाधान ऐप के जरिए सत्यापन कराने के लिए सबसे पहले मोबाइल में छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘समाधान ऐप’ डाउनलोड कर इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के माध्यम से पंजीकरण पूरा करना होगा।
ऐप के होम पेज पर जाकर ‘किरायेदार सत्यापन’ अथवा ‘घरेलू कर्मचारी सत्यापन’ का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति की आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करनी होगी।
आवश्यक दस्तावेज भी किए जा सकेंगे अपलोड
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान किरायेदार या घरेलू कर्मचारी का पूरा नाम, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, वर्तमान पता सहित अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। आवश्यकता पड़ने पर आधार कार्ड, पहचान पत्र अथवा अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी एवं प्रतियां भी अपलोड की जा सकती हैं।
ऑनलाइन जमा होगा आवेदन
सभी आवश्यक जानकारी भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन को ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा। इससे नागरिकों को सत्यापन के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी।
पुलिस की इस डिजिटल पहल का उद्देश्य किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों की पहचान संबंधी जानकारी को व्यवस्थित रूप से दर्ज करना तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों एवं कार्यरत घरेलू कर्मचारियों का आवश्यकतानुसार पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।




