पीएचडी उपाधि के साथ उत्कृष्ट शासकीय कार्य के लिए डॉ. हिमालय साहू सम्मानित

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम – कृषि शिक्षा एवं शासकीय सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ग्राम किरवई निवासी डॉ. हिमालय साहू ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर से कृषि एग्रोनॉमी विषय में पीएचडी की प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त की है। इसके साथ ही शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. हिमालय साहू वर्तमान में कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर दंतेवाड़ा में कार्यरत हैं। कृषि एवं किसानों से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागीय दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए उनके कार्यों की सराहना की गई। उन्हें यह प्रशस्ति पत्र छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के करकमलों से प्रदान किया गया।
कृषि एग्रोनॉमी में पीएचडी जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक उपाधि प्राप्त करने के साथ शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होना डॉ. हिमालय साहू के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विशेष रूप से वे ग्राम किरवई से पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्ति बने हैं।
डॉ. साहू ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता गौरी साहू एवं अमृतलाल साहू, बड़े पिताजी आनंद साहू एवं चंद्रकुमारी साहू के संस्कार, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उनकी उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामवासियों, सहकर्मियों, कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




