दीपावली से पहले ओवरब्रिज निर्माण में तेजी, व्यापारियों की सुविधा का भी रखा जाए ध्यान
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे अधिकारियों को दिए निर्देश, बोले—विकास कार्य के साथ जनसुविधा भी जरूरी


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम— गोबरा नवापारा मे निर्माणधीन रायपुर-राजिम मार्ग पर खोलीपारा रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण कार्य ने अब गति पकड़ ली है। निर्माण के शुरुआती चरण में सड़क के दोनों ओर बड़े-बड़े लोहे के प्लेट लगाए जा रहे हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन निर्माण के चलते सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है।
दीपावली का त्योहारी सीजन नजदीक होने के कारण व्यापारियों को आशंका है कि निर्माण कार्य के चलते ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, जिससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी समस्या को लेकर प्रभावित दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने रविवार को बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की।
व्यापारियों ने सांसद को बताया कि वे क्षेत्र के विकास और ओवरब्रिज निर्माण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन निर्माण के दौरान ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे दीपावली के महत्वपूर्ण व्यापारिक सीजन में दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच बाधित न हो और उनकी आजीविका प्रभावित न हो।
रेलवे अधिकारियों के साथ की बैठक
व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को रेलवे के संबंधित अधिकारियों को अपने निवास पर बुलाकर ओवरब्रिज निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों को होने वाली संभावित परेशानियों पर भी चर्चा की।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ओवरब्रिज निर्माण में अनावश्यक देरी न हो तथा कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेज गति से पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण स्थल पर आवागमन को यथासंभव सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।
दीपावली को देखते हुए विशेष व्यवस्था
सांसद ने कहा कि दीपावली का त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए इस दौरान वैकल्पिक मार्ग, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी न हो और दुकानदारों की आजीविका भी प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज क्षेत्र के विकास और बेहतर आवागमन के लिए जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास और जनसुविधा के बीच बेहतर तालमेल बनाकर ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।
बैठक के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य विजय गोयल सहित रेलवे के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




