Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
Uncategorized

सपनों को मिली उड़ान: निशुल्क प्रशिक्षण से अग्निवीर बने मयंक यादव का सम्मान

राजिम का गौरव: अग्निवीर मयंक यादव का सम्मान, युवाओं को मिल रही सेना की राह

निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण का असर: राजिम के मयंक बने अग्निवीर, हुआ भव्य सम्मान

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ -_-धर्म नगरी राजिम में संचालित निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण के तहत चयनित अग्निवीर जवान मयंक यादव का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर के जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारतीय सेना के अग्निवीर के रूप में चयनित मयंक यादव (पिता सुनील यादव) को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वर्तमान में उनकी पदस्थापना जम्मू-कश्मीर राइफल की 14 यूनिट में पश्चिम बंगाल में है। अवकाश के दौरान राजिम पहुंचे मयंक ने प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर युवाओं को सैनिक जीवन एवं अभ्यास की जानकारी भी दी।
निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण का संचालन एनसीसी अधिकारी एवं व्याख्याता सागर शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में कई युवाओं का चयन सेना, अग्निवीर, अर्धसैनिक बल, पुलिस, नगर सेना एवं वन विभाग में हो चुका है। वर्ष 2021 से प्रारंभ इस प्रशिक्षण में अब तक 18 युवाओं का चयन विभिन्न रक्षा सेवाओं में हुआ है।
सम्मान समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति भारत यादव, सब इंस्पेक्टर संजय सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को सही दिशा देने के साथ उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित कर रहा है।
नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि यह राजिम के लिए गर्व का विषय है कि यहां के युवा सेना में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने अपने पारिवारिक सैन्य पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में अग्निवीर जवान मयंक यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन सागर शर्मा एवं आभार प्रदर्शन पंडित डिकेश शर्मा द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!