धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की जीत बताया, सुरेंद्र साहू बोले— लोकतंत्र में युवाओं की आवाज सबसे बड़ी ताकत

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़-—ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर के महामंत्री सुरेंद्र साहू ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आंदोलनरत छात्रों, युवाओं और उनके अभिभावकों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह इस्तीफा किसी सरकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के शांतिपूर्ण, संगठित और लगातार चले संघर्ष का परिणाम है।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि उन्होंने स्वयं नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन में शामिल होकर उनके अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग का समर्थन किया था। आंदोलन स्थल पर विद्यार्थियों और अभिभावकों की पीड़ा तथा भविष्य को लेकर उनकी चिंता को करीब से महसूस किया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बचाने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य और उनके अभिभावकों के सपनों के साथ गंभीर विश्वासघात है। ऐसे मामलों में सरकार को राजनीतिक और नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्र आंदोलन की सफलता का पहला कदम है, लेकिन केवल इस्तीफे से विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा। पेपर लीक के पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
उन्होंने आंदोलनरत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। लोकतंत्र में जब युवा अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाते हैं तो सत्ता को जवाब देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर विद्यार्थियों की इस न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा प्रभावित छात्रों को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाती रहेगी।




