एनडीआरएफ टीम ने एकदिवसीय कार्यशाला में दिए बचाव के व्यावहारिक गुर
एनसीसी छात्रसैनिकों को मिला आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम :– कलेक्टर जिला गरियाबंद के निर्देश एवं जिला शिक्षा कार्यालय के आदेशानुसार सेजेस राजिम में एनसीसी अधिकारी व्याख्याता सागर शर्मा के नेतृत्व में एनसीसी छात्रसैनिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आपदा प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन रामबिशाल पाण्डेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय राजिम में किया गया।
इस प्रशिक्षण का संचालन थर्ड बटालियन कटक (ओडिशा) की एनडीआरएफ टीम द्वारा किया गया। कार्यशाला में बाढ़, भूकंप, आगजनी, सिलेंडर में आग लगना, बिजली गिरना, पानी में डूबना, सर्पदंश, जानवरों के काटने, मधुमक्खी के हमले एवं अन्य आपदाओं के दौरान बचाव और प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सीपीआर देने सहित विभिन्न तकनीकों का डेमो के माध्यम से अभ्यास कराया गया, जिसमें छात्रसैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम के टीम कमांडर एसआई सौरभ कुमार साहू, सीनियर रेस्क्यू ऑफिसर विश्वनाथ साहू, माशूक अलाही, इंस्ट्रक्टर आशादीप त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी कैप्टन दुष्यंत ध्रुवा, व्याख्याता कमल सोनकर, समीक्षा गायकवाड़, पिंकी तारक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सैन्य भर्ती प्रशिक्षण के प्रशिक्षु छात्र भी शामिल हुए।
इस अवसर पर टीम कमांडर सौरभ साहू ने एनडीआरएफ के गठन, उद्देश्य एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं छात्रसैनिकों के दायित्व बताए, वहीं कैप्टन दुष्यंत ध्रुवा ने ऐसे आयोजनों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का संचालन समीक्षा गायकवाड़ ने किया तथा आभार प्रदर्शन कमल सोनकर द्वारा किया गया।



