नए जिला शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार नायर का छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने किया स्वागत

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़– छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला रायपुर के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी एम. जी. सतीश कुमार नायर से सौजन्य भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों ने नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समुदाय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेगा।
भेंट के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री नायर ने भी शिक्षकों की समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिले के शिक्षकों से संबंधित विभिन्न विषयों पर शीघ्र ही अलग से बैठक आयोजित कर चर्चा की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शिक्षकों एवं विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सोनकला, प्रांतीय पदाधिकारी सुखनंदन साहू एवं श्रीमती अंजुम शेख, अतुल शर्मा, बुद्धेश्वर बघेल, रूद्रनारायण तिवारी, रविन्द्र जोशी, कृष्ण जांगड़े, विनोद बरमाल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई।



