जिला रेडक्रॉस प्रबंध समिति की बैठक संपन्न, सदस्यता अभियान व प्रशिक्षण शिविर पर बनी कार्ययोजना

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़–— इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा गरियाबंद की प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष बी.एस. उइके की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में रेडक्रॉस की गतिविधियों के विस्तार, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण, वृक्षारोपण, रक्तदान एवं अंगदान जागरूकता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक की शुरुआत प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के परिचय से हुई। इसके पश्चात रेडक्रॉस के राज्य प्रतिनिधि रोमन साहू ने पिछली बैठक की कार्यवाही का वाचन किया,
बैठक में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस एवं 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की जिला स्तरीय परेड एवं झांकी में रेडक्रॉस के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। जुलाई एवं अगस्त माह में वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा इसके लिए जिला पंचायत से स्थान उपलब्ध कराने हेतु संपर्क करने के निर्देश दिए गए।
रेडक्रॉस के सुचारु संचालन के लिए एक लिपिक एवं एक भृत्य की नियुक्ति का प्रस्ताव रखा गया, जिसका चेयरमेन मधुबाला रात्रे एवं वाइस चेयरमेन पुष्पा जगन्नाथ साहू ने समर्थन किया। साथ ही रेडक्रॉस भवन के लिए भूमि आवंटन, रक्तदान शिविरों के आयोजन, अंगदान के प्रति जनजागरूकता तथा सड़क दुर्घटनाओं में सेवा देने वाले सुरक्षा मित्र स्वयंसेवकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।
यह भी तय किया गया कि अगली प्रबंध समिति की बैठक सितंबर में तथा वार्षिक साधारण सभा की बैठक नवंबर-दिसंबर में आयोजित की जाएगी।
बैठक में चेयरमेन मधुबाला रात्रे, वाइस चेयरमेन पुष्पा जगन्नाथ साहू, राज्य प्रतिनिधि रोमन साहू, सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, सदस्य देवकी साहू, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत कुमार ध्रुव, गणपत नायक, सोमेश्वर ठाकुर, डॉ. सत्यम कुम्भकार, बुद्धविलास सिंह, यू.के. नेताम, अर्चना ठाकुर, के.एन. मरकाम, लोकेश्वर पटेल, कृष्णा प्रसाद जांगड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव एवं सीएमएचओ डॉ. यू.एस. नवरत्न ने आभार व्यक्त किया।
जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पूरन लाल साहू द्वारा दी गई।




