Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
Uncategorized

गुप्त नवरात्रि: माँ दुर्गा की गूढ़ आराधना, दस महाविद्याओं की साधना और आध्यात्मिक सिद्धि का पावन पर्व

 

 छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम—-भारतीय सनातन परंपरा में गुप्त नवरात्रि का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना गया है। यह पर्व माँ आदिशक्ति की गूढ़ उपासना, दस महाविद्याओं की आराधना तथा आत्मिक उन्नति के लिए समर्पित होता है। सामान्य नवरात्रि में जहाँ माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की सार्वजनिक रूप से पूजा-अर्चना की जाती है, वहीं गुप्त नवरात्रि में साधक, तांत्रिक, योगी एवं श्रद्धालु अत्यंत गोपनीयता और नियमपूर्वक साधना कर देवी की विशेष कृपा प्राप्त करने का प्रयास करते हैं।

गुप्त नवरात्रि वर्ष में दो बार—माघ तथा आषाढ़ माह में आती है। धार्मिक मान्यता है कि इन नौ दिनों में श्रद्धा, संयम और सात्विक भाव से की गई उपासना साधक को आध्यात्मिक शक्ति, मानसिक शांति तथा जीवन की विभिन्न बाधाओं से मुक्ति प्रदान करती है।

दस महाविद्याओं की होती है विशेष आराधना

गुप्त नवरात्रि में माँ के दस महाविद्याओं स्वरूपों—माँ काली, तारा, त्रिपुर सुंदरी (षोडशी), भुवनेश्वरी, छिन्नमस्ता, भैरवी, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी तथा कमला—की विशेष पूजा की जाती है। ये सभी स्वरूप शक्ति, ज्ञान, समृद्धि, संरक्षण और आध्यात्मिक जागरण के प्रतीक माने जाते हैं।

गोपनीय साधना का विशेष महत्व

गुप्त’ शब्द का अर्थ ही है—रहस्य या गोपनीयता। शास्त्रों के अनुसार इस अवधि में की जाने वाली साधना, मंत्र जाप और अनुष्ठान जितनी अधिक गोपनीयता एवं एकाग्रता से किए जाते हैं, उनका फल उतना ही शीघ्र और प्रभावी प्राप्त होता है। इसलिए यह पर्व विशेष रूप से साधकों और तांत्रिक परंपरा के उपासकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

 पंडित दिनेश तिवारी ने बताया कि गृहस्थ भी कर सकते हैं श्रद्धापूर्वक पूजा

गुप्त नवरात्रि केवल साधकों के लिए ही नहीं, बल्कि गृहस्थ भक्तों के लिए भी अत्यंत शुभ मानी जाती है। इन नौ दिनों में माँ दुर्गा की पूजा, दुर्गा सप्तशती का पाठ, मंत्र जाप, दीप प्रज्वलन तथा सात्विक जीवनचर्या अपनाकर श्रद्धालु सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य, पारिवारिक सुख और मनोवांछित फल की कामना कर सकते हैं।

कष्टों से मुक्ति और आध्यात्मिक उन्नति का अवसर

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुप्त नवरात्रि में किए गए मंत्र जाप, ध्यान और साधना से शत्रु बाधा, भय, नकारात्मक ऊर्जा तथा जीवन की कठिनाइयों से मुक्ति मिलने की मान्यता है। साथ ही यह पर्व आत्मबल, आध्यात्मिक जागृति और ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा को मजबूत करने का श्रेष्ठ अवसर माना जाता है।

गुप्त नवरात्रि का संदेश यही है कि श्रद्धा, संयम, भक्ति और साधना के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर छिपी दिव्य शक्ति का अनुभव कर सकता है तथा माँ जगदंबा की कृपा से जीवन में सुख, शांति और सफलता प्राप्त कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!