छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा मौका
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ रायपुर–– छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा विभाग ने एक और अवसर दिया है। अब छात्र 31 अगस्त तक कॉलेजों में प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। यह सुविधा उन शासकीय एवं निजी कॉलेजों में उपलब्ध होगी, जहां अभी भी सीटें रिक्त हैं।
पहले 14 अगस्त थी अंतिम तिथि
इससे पहले कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई तक और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक की समय-सीमा निर्धारित थी। निर्धारित तिथि निकलने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गईं, जबकि कुछ विद्यार्थी विभिन्न कारणों से समय पर प्रवेश नहीं ले सके।
दूर-दराज के विद्यार्थियों को राहत
प्रवेश की तारीख बढ़ाए जाने से विशेष रूप से दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन या प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। अब ऐसे विद्यार्थी उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री बोले—किसी छात्र का एक साल खराब न हो
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाना है। कई मेधावी विद्यार्थी व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की अंतिम तारीख निकल जाने से किसी योग्य छात्र का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।




