सरस्वती साइकिल योजना से सिमगा की 44 छात्राओं के चेहरे पर खिली मुस्कान
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने छात्राओं को वितरित की निःशुल्क साइकिल


( छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कक्षा नवमीं में अध्ययनरत 44 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की।
मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने शासन की इस योजना की सराहना करते हुए छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए शासन द्वारा संचालित ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा दूर-दराज क्षेत्रों से पैदल विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी को दूर करना है। साइकिल मिलने से छात्राएं समय पर और सुगमता से विद्यालय पहुंच सकेंगी।
कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देकर साइकिल के साथ उनके घर के लिए रवाना किया। नई साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, सरपंच मनोहर बिंझवार, पूर्व सरपंच सोनसाय आयाम, शाला विकास समिति अध्यक्ष जय कुमार सिदार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




