शिक्षक मोर्चा का सभी जिला मुख्यालयों में हल्ला बोल, टेट मुक्ति रैली निकालकर सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन


( छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) नवापारा राजिम —–शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदेशभर के शिक्षकों ने मंगलवार को सभी जिला मुख्यालयों में टेट मुक्ति रैली निकालकर अपनी पांच सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव एवं संचालक डीपीआई के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों का शीघ्र निराकरण कर आदेश जारी करने की मांग की।
रैली में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। राजधानी रायपुर में प्रदेश संचालक केदार जैन एवं वीरेंद्र दुबे तथा बिलासपुर में प्रदेश संचालक संजय शर्मा ने नेतृत्व किया।
प्रदेश संचालक केदार जैन ने कहा कि मोर्चा की प्रमुख मांगों में सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, पूर्व सेवा की गणना कर पूर्ण पुरानी पेंशन सहित विभागीय लाभ, केंद्रीय वेतनमान की संरचना के अनुरूप वेतनमान लागू कर वेतन विसंगति दूर करना, ब्रिज कोर्स के माध्यम से विभागीय बीएड तथा विसंगतिपूर्ण शिक्षा विभाग राजपत्र 2026 को तत्काल निरस्त करना शामिल है।

जैन ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेश संचालक वीरेंद्र दुबे ने कहा कि शिक्षक लगातार अपनी समस्याओं से सरकार को अवगत करा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण सड़क पर उतरना पड़ा है।
रायपुर रैली में प्रदीप साहू, ओमप्रकाश सोनकला, भानुप्रताप डहरिया, ताराचंद जायसवाल, सांत्वना ठाकुर, धर्मेश शर्मा, अमित दुबे, सुखनंदन साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।



