अरुण गोविल आज राजिम कुंभ कल्प के मंच पर, महाशिवरात्रि पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़


( छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़)राजिम। कुंभ कल्प मेला 2026 के अंतिम दिन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्य मंच पर रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाकर घर-घर में प्रसिद्ध हुए अरुण गोविल की विशेष प्रस्तुति होगी। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य मंच पर महेश वर्मा के ‘लोक माया’ की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा बिलासपुर की गितिका द्वारा बांसुरी वादन एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
नदी मंच पर मानस, भजन और लोकगीत की छटा
स्थानीय नदी मंच में कोकड़ी की भारती साहू मानस गायन प्रस्तुत करेंगी। भसेरा के घनश्याम साहू रामायण पाठ, चंपारण के शिवनंदन चक्रधारी शिव भजन, चरोदा दुर्ग के डॉ. संजय देवांगन कबीर भजन की प्रस्तुति देंगे। राजिम की सेजल शिंदे और शौर्य पटेल लोकगीत प्रस्तुत करेंगे, वहीं रायपुर के प्रशांत नीरज ठाकुर शिव सत्संग सेवा मंडली के साथ श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
स्थानीय मंच पर लोकसंस्कृति की विविध प्रस्तुतियां
स्थानीय मंच पर साल्हेभाटा की मंजू रामटेके पंडवानी, रायपुर के प्रकाश धीवर जगराता, बलोदाबाजार-भाटापारा के नीलकंठ साहू खंजरी वादन प्रस्तुत करेंगे। चारामा के चंद्रशेखर सिहसार लोक नृत्य, गरियाबंद के रवि यादव राउत नाचा, संकरी के जीवन साहू लोक कला, सिर्रीकला के रामनारायण विश्वकर्मा डंडा नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
इसके साथ ही मुनगाशेर की पदमा पटेल लोक कला मंच, देवरी के तोरण यादव राउत नाचा तथा चेतन यादव देवादा बेरला अखाड़ा की प्रस्तुति से मेले का समापन भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध वातावरण में होगा।
महाशिवरात्रि के इस विशेष अवसर पर राजिम कुंभ कल्प मेला श्रद्धा, भक्ति और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।




