बैंक अधिकारी बनकर ठगी: व्हाट्सऐप लिंक से मोबाइल हैक, महिला के खाते से 5.78 लाख रुपए पार

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ —राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक महिला को अपने झांसे में ले लिया और उसके खातों से लाखों रुपए निकाल लिए। घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रतीमा मसीह (42), निवासी गेलेन्डर विहार, मोवा, को 31 मार्च को अज्ञात नंबरों से कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका बैंक खाता बंद हो गया है और उसे चालू कराने के लिए व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक को ओपन करना होगा।
ठगों की बातों में आकर महिला ने जैसे ही लिंक खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के यूको बैंक और इंडियन बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली। यूको बैंक खाते से लगभग 4.58 लाख रुपए और इंडियन बैंक खाते से 1.19 लाख रुपए निकालकर कुल 5,78,821 रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचाव के उपाय:
किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें।
बैंक से जुड़ी जानकारी कभी भी फोन या मैसेज के जरिए साझा न करें।
व्हाट्सऐप या अन्य माध्यमों से आए लिंक को बिना जांचे-परखे क्लिक न करें।
ठगी होने पर क्या करें:
तुरंत अपने बैंक कस्टमर केयर पर कॉल कर खाता ब्लॉक/फ्रीज करवाएं।
1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत शिकायत दर्ज करें।
24 घंटे के भीतर cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में न आने की अपील की है।




