Uncategorized

वृक्ष गंगा अभियान के तहत गायत्री परिवार ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—-अभनपुर/मोहंदी पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में संचालित “वृक्ष गंगा अभियान” के अंतर्गत गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा अभनपुर विकासखंड के मोहंदी गांव में व्यापक पौधारोपण किया गया। इस दौरान खाली भूमि पर फलदार एवं इमारती प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उनके दीर्घायु एवं संरक्षण के संकल्प के साथ रक्षासूत्र भी बांधा गया।

गायत्री परिवार के सहायक ट्रस्टी बी.आर. साहू ने बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाती है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनकी घेराबंदी, नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाता है। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि पूर्व वर्षों में लगाए गए अधिकांश पौधे आज विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ब्लॉक समन्वयक एवं मिशन के कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि आगामी सप्ताह में स्थानीय हाईस्कूल परिसर में भी व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण में ही निहित है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जुड़ना चाहिए।

 

इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, अभनपुर ब्लॉक के गायत्री परिवार के सदस्यों, बाल संस्कार शाला के आचार्यों, संस्कार शाला के बच्चों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे आयोजन में प्रकृति संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जनजागरण का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!