छत्तीसगढ़

शिक्षा, साहित्य और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, शिक्षक सागर शर्मा राज्य स्तर पर सम्मानित

रायपुर के वृंदावन हॉल में हुआ भव्य शिक्षक सम्मान समारोह, सामाजिक सरोकारों के लिए मिली विशेष पहचान

 

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापाराराजिम–– शिक्षा, साहित्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजिम के शिक्षक एवं एनसीसी अधिकारी सागर कुमार शर्मा को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेशभर से शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की।

पंडित रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे सागर शर्मा अध्यापन के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। एनसीसी के माध्यम से उन्होंने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में योगदान दिया है।

सागर शर्मा जरूरतमंद एवं वंचित युवाओं के लिए निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण और आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी प्रदान करते हैं। इसके अलावा नशामुक्ति, प्लास्टिक मुक्त भारत तथा पर्यावरण जागरूकता जैसे अभियानों से भी जुड़े रहे हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनकी रचनात्मक रुचि और लेखन के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी समारोह में सराहा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री परशुराम एवं मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन से हुआ। विशेष व्याख्यान सत्र में शिक्षक-विद्यार्थी संबंध, समग्र विकास तथा भारतीय ज्ञान परंपरा एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।

समारोह में धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, शंकराचार्य कॉलेज रायपुर के चेयरमैन निशांत त्रिपाठी, हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश धर दीवान एवं छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सचिव संजय शुक्ला ने की।

समारोह के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सुरुचिपूर्ण भोज एवं मिलन समारोह आयोजित किया गया। सागर शर्मा की उपलब्धि पर शिक्षा प्रकोष्ठ मुख्य शाखा के अध्यक्ष प्रकाश धर दीवान, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज की प्रदेश अध्यक्ष भारती किरण शर्मा सहित समाज के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!